बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दोनों चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है। अब पूरे राज्य की निगाहें 14 नवंबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। बिहार की सियासत में इस बार मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे का माना जा रहा है। वहीं, मतदान समाप्त होते ही कलयुग न्यूज़ के ताज़ा एग्जिट पोल ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
नीतीश कुमार की सरकार की वापसी के संकेत
एग्जिट पोल के अनुसार, इस बार बिहार में एक बार फिर एनडीए गठबंधन को बढ़त मिलती नजर आ रही है। सर्वे के मुताबिक, एनडीए को 121 से 141 सीटों के बीच जीत मिल सकती है। वहीं महागठबंधन को 98 से 118 सीटें, जनसुराज को 0 से 2 सीटें, एआईएमआईएम को 0 से 5 सीटें, और अन्य दलों को 1 से 5 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
इस एग्जिट पोल में कुल 243 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया था और इसमें लगभग 42 हजार मतदाताओं की राय ली गई।
वोट शेयर का अनुमान
कलयुग न्यूज़ के एग्जिट पोल के अनुसार,
एनडीए को लगभग 43% वोट शेयर,
महागठबंधन को करीब 41% वोट शेयर,
जनसुराज को लगभग 4% वोट,
जबकि अन्य दलों को 12% वोट मिलने की संभावना है।
यह अनुमान बताता है कि बिहार में मुकाबला बेहद करीबी है, हालांकि एनडीए को हल्की बढ़त मिलती दिख रही है।
क्षेत्रवार संभावनाएँ
चंपारण क्षेत्र की बात करें तो यहां एनडीए के पक्ष में हवा बहती दिख रही है।
एग्जिट पोल के अनुसार, चंपारण की कुल सीटों में से एनडीए को 12 सीटें और महागठबंधन को 9 सीटें मिलने का अनुमान है। वोट शेयर के लिहाज से भी एनडीए 44% और महागठबंधन 41% पर नजर आ रहा है।
वहीं, सीमांचल क्षेत्र की 24 सीटों पर महागठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है। इस इलाके में मुस्लिम और अल्पसंख्यक मतदाता निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं, जो परंपरागत रूप से महागठबंधन के साथ जाते रहे हैं।
जनता की राय में प्रमुख मुद्दे
एग्जिट पोल के दौरान मतदाताओं ने बताया कि इस चुनाव में सबसे बड़े मुद्दे रोज़गार, महंगाई, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की गति रहे हैं। कई जगहों पर युवाओं ने सरकार से नाराजगी भी जताई, लेकिन कुछ इलाकों में नीतीश कुमार के अनुभव और स्थिर नेतृत्व को भी जनता ने सराहा।
14 नवंबर को होगा फैसला
अब सबकी निगाहें 14 नवंबर पर टिकी हैं, जब मतगणना के बाद यह तय होगा कि क्या बिहार में फिर से नीतीश सरकार लौटेगी या महागठबंधन कोई बड़ा उलटफेर करेगा।
बिहार एग्जिट पोल 2025: जानें किसका पलड़ा भारी — कलयुग न्यूज़ की विशेष रिपोर्ट